हरिद्वार , जून 01 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ कथित रूप से अभद्र टिप्पणी कर वीडियो प्रसारित करने के मामले में सिडकुल पुलिस ने सोमवार को एक युवक को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को रोशनाबाद निवासी बिंदरपाल पुत्र चंद्रभान पाल ने सिडकुल थाने में लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि एक युवक सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित कर प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(2) एवं 352 के तहत मामला दर्ज किया।

मामले की विवेचना उपनिरीक्षक देवेंद्र चौहान को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस ने वायरल वीडियो की पुष्टि करते हुए आरोपी की पहचान अतीक अहमद पुत्र शमशुल हसन निवासी रोशनाबाद, थाना सिडकुल, जिला हरिद्वार के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि सोशल मीडिया पर सार्वजनिक पदों पर आसीन व्यक्तियों के खिलाफ अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां प्रसारित करने के मामले को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है तथा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित