ग्वालियर , अक्टूबर 25 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में सोशल मीडिया पर दोस्ती कर सोना देने का लालच देकर एक महिला से दो लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने एयरपोर्ट पर पकड़े जाने और छूटने के लिए रुपये की जरूरत होने का झांसा देकर महिला से अलग-अलग क्यूआर कोड के जरिए रकम ट्रांसफर कराई। इसके बाद भी आरोपी ने और रुपये मांगे, जिससे महिला को ठगी का संदेह हुआ। मुरार थाना पुलिस ने शिकायत के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, त्यागी नगर में गेरू वाले बंगले के पास रहने वाली 25 वर्षीय गजल बाथम ने शिकायत में बताया कि तीन अक्टूबर को उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने दोस्त बनकर बातचीत शुरू की। अगले दिन आरोपी ने दोबारा फोन कर आधार कार्ड मांगा और कहा कि वह उन्हें सोना देना चाहता है तथा खुद लेकर आएगा।

कुछ देर बाद आरोपी ने फोन कर बताया कि सोना लेकर आते समय वह मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़ा गया है। उसने दावा किया कि एयरफोर्स के अधिकारी दो लाख रुपये देने पर उसे छोड़ने को तैयार हैं। आरोपी की बातों में आकर महिला ने 12 बार में अलग-अलग क्यूआर कोड के माध्यम से कुल दो लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।

रकम मिलने के बाद भी आरोपी ने और रुपये मांगे। महिला ने असमर्थता जताई तो भी उससे लगातार पैसे भेजने के लिए कहा जाता रहा। ठगी का अहसास होने पर महिला ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की। इसके बाद मुरार थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित