पंचकूला , जुलाई 27 -- हरियाणा विधानसभा की महिला सशक्तिकरण समिति सोशल मीडिया पर बढ़ते अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट के खिलाफ कड़े नियामकीय उपायों की सिफारिश करेगी। समिति की अध्यक्ष एवं कालका से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक शक्ति रानी शर्मा ने सोमवार को कहा कि समिति अपनी रिपोर्ट विधानसभा में पेश कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अश्लील सामग्री पर प्रभावी नियंत्रण की मांग करेगी।

सुश्री शर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया का प्रभाव समाज के सभी वर्गों पर पड़ रहा है, विशेष रूप से बच्चों और युवाओं पर। ऐसे में अश्लील और अभद्र सामग्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए मजबूत नीतियां और सख्त नियम आवश्यक हैं।

समिति की सदस्य एवं झज्जर से कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने भी इस प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर बढ़ रही अश्लील सामग्री समाज के नैतिक मूल्यों को प्रभावित कर रही है तथा युवा पीढ़ी पर इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित