यमुनानगर , नवंबर 10 -- हरियाणा में यमुनानगर में पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने महिलाओं और बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर विशेष एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने और अनजान लोगों पर भरोसा न करने की अपील की है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि साइबर अपराधी सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों से दोस्ती करते हैं। शुरुआत में सामान्य बातचीत के जरिए विश्वास जीता जाता है। इसके बाद धीरे-धीरे निजी जानकारी, फोटो और वीडियो हासिल कर लिए जाते हैं। बाद में इन्हीं तस्वीरों और वीडियो का दुरुपयोग कर पीड़ित को ब्लैकमेल किया जाता है और पैसे की मांग की जाती है।

उन्होंने बताया कि कई मामलों में साइबर अपराधी सामान्य तस्वीरों को एडिट करके अश्लील रूप दे देते हैं। इस तरह की गतिविधियों को मॉर्फिंग कहा जाता है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिलाओं और बच्चों को सोशल मीडिया पर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। बच्चों को अनजान व्यक्तियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं करनी चाहिए और न ही किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी तस्वीरें, वीडियो या व्यक्तिगत जानकारी साझा करनी चाहिए। किसी के बहकावे में आकर वीडियो कॉल पर आपत्तिजनक गतिविधियां करना भी खतरनाक साबित हो सकता है।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर संवेदनशीलता के साथ नजर रखें। बच्चों के साथ ऐसा विश्वासपूर्ण माहौल बनाएं, जिसमें वे किसी भी अनजान व्यक्ति के संपर्क, संदिग्ध बातचीत या ऑनलाइन धमकी के बारे में बिना डर और झिझक के बता सकें। बच्चों को डांटने या शर्मिंदा करने के बजाय उनकी बात सुनकर उचित कदम उठाएं।

थाना साइबर अपराध प्रभारी रविंदर कुमार ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति निजी फोटो या वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता है तो घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसे लोगों को पैसे न दें और न ही उनकी किसी मांग को पूरा करें। पीड़ित व्यक्ति को संबंधित चैट, मोबाइल नंबर, सोशल मीडिया प्रोफाइल का लिंक और स्क्रीनशॉट सहित सभी डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने चाहिए। इसके साथ ही संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आरोपी की प्रोफाइल की रिपोर्ट करनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि साइबर ब्लैकमेलिंग या ऑनलाइन ठगी का शिकार होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।

जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि महिलाओं और बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को गंभीरता से लें। साइबर अपराधियों की धमकी, डर और सामाजिक शर्मिंदगी के कारण चुप न रहें। समय रहते पुलिस को सूचना दें, क्योंकि जागरूकता, सतर्कता और त्वरित शिकायत ही साइबर अपराधियों के मंसूबों को नाकाम करने का सबसे प्रभावी तरीका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित