सोल , मार्च 21 -- दक्षिण कोरिया की राजधानी सोल आज किसी शहर जैसी नहीं, बल्कि संगीत के एक विशाल समंदर जैसी नजर आ रही है और यह मौका है जब दुनिया के सबसे लोकप्रिय बैंड बीटीएस के सातों सितारे करीब चार साल के लंबे इंतजार के बाद एक साथ शनिवार शाम को मंच पर कदम रख रहे हैं।

सोल का ऐतिहासिक ग्वांगहामुन चौराहा उस 'बैंगनी' क्रांति (पर्पल रिवोल्यूशन) का गवाह बन रहा है, जिसने पूरी दुनिया को अपनी धुन पर नचाया है। आज सुबह से ही सोल की सड़कें 'आर्मी' (बीटीएस के प्रशंसक) से पटी पड़ी हैं। अनुमान है कि आज रात होने वाले इस भव्य कॉन्सर्ट में 2,60,000 से अधिक प्रशंसक जुटने वाले हैं। सातों सदस्य-आरएम, जिन, सुगा, जे-होप, जिमिन, वी और जुंगकुक, अक्टूबर 2022 के बाद पहली बार एक साथ लाइव परफॉर्म करेंगे। यह केवल एक संगीत कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक भावनात्मक जुड़ाव है, जिसे महसूस करने और बीटीएस के बेहद मशहूर बैंगनी रंग में खुद को सरोबार करने के लिए दुनिया के कोने-कोने से लोग सियोल पहुंचे हैं।

कॉन्सर्ट की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसका बैकड्रॉप 14वीं शताब्दी का शाही महल का दरवाजा है। एक तरफ सदियों पुराना इतिहास और दूसरी तरफ आधुनिक के-पॉप की जादुई दुनियायह नजारा किसी फिल्म जैसा प्रतीत हो रहा है। स्टेज की लाइटिंग और तकनीक ऐसी है मानो आसमान से तारे जमीन पर उतर आए हों।

बीते शुक्रवार की दोपहर को ही बैंड का बहुप्रतीक्षित नया एल्बम 'अरिरंग' रिलीज हुआ है। दिलचस्प बात यह है कि इस एल्बम का नाम कोरिया के पारंपरिक लोक गीत पर आधारित है। आज रात के एक घंटे के सेट में बैंड इसी नए एल्बम के गीतों के साथ-साथ अपने पुराने चार्टबस्टर गानों पर भी परफॉर्म करेगा। संगीत विशेषज्ञों का मानना है कि 'अरिरंग' के माध्यम से बीटीएस ने अपनी जड़ों की ओर लौटने और वैश्विक संगीत परिदृश्य को एक नया मोड़ देने की कोशिश की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित