नयी दिल्ली , जून 22 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से पिछले 16 महीनों में जनकल्याण के क्षेत्र में किये गये कार्यों को लेकर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है।
डॉ. कुमार ने सोमवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि 21 फरवरी 2025 को रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश की सत्ता में आए हुए 16 महीने पूरे हो चुके हैं, लेकिन इस दौरान जनता से किए गए वादों पर अमल होता दिखाई नहीं दिया है।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जारी किए गये संकल्प पत्र में महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये तथा गर्भवती महिलाओं को 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा किया गया था, लेकिन ये वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा के मामले में भी भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया गया और इसे केवल दिल्ली की महिलाओं तक सीमित रखने की बात कही गयी।उन्होंने कहा कि किसानों से कृषि भूमि के सर्किल दर बढ़ाने, खेल सुविधाओं के विकास और युवाओं को रोजगार देने सहित कई वादे किए गए थे, लेकिन उन पर भी कोई ठोस प्रगति दिखाई नहीं देती।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि आज दिल्ली में विकास कार्यों के बजाय मकानों के टूटने और बुलडोजर की आवाजें सुनाई दे रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में कई दशकों से रह रहे लोगों के मकान भी तोड़े गये। वहीं, यमुना किनारे रहने वाले लोगों पर भी उजड़ने का खतरा मंडरा रहा है।
डॉ. कुमार ने कहा कि पिछले 16 महीनों में न कोई नया विद्यालय खोला गया और न ही कोई नया कॉलेज स्थापित किया गया। अनधिकृत कॉलोनियों के मुद्दे पर भी सरकार ने केवल पीएम-उदय योजना के तहत संयंत्रों को नियमित करने की बात की है, जबकि कॉलोनियों को नियमित करने की दिशा में कोई बड़ा कदम नहीं उठाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित