जयपुर , अगस्त 17 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरुवार से शुरू होने वाले विधानसभा के षष्ठम सत्र के लिए मंगलवार को सर्वदलीय बुलाई हैं।
श्री देवनानी ने उनकी अध्यक्षता में मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे यह बैठक बुलाई है। सोलहवीं विधानसभा का षष्ठम सत्र 20 अगस्त से शुरू होगा। उनकी अध्यक्षता में यह सातवीं सर्वदलीय बैठक होगी। उन्होंने कहा है कि सदन को शांतिपूर्ण चलाने में सर्वदलीय बैठक अहम् कदम है।
उन्होंने बताया है कि बैठक में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, मुख्य सचेतक प्रतिपक्ष रफीक खान, राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के विधायक डॉ. सुभाष गर्ग, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के मनोज कुमार, भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) थावर चन्द को आमंत्रित किया गया है।
श्री देवनानी ने कहा कि सदन जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने का पवित्र स्थल है। इस स्थल की गरिमा को बनाये रखना सभी दलों के विधायकों की सामूहिक जिम्मेदारी होती है। उन्होंने कहा कि सर्वदलीय बैठक लोकतांत्रिक परंपराओं को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम है। इससे सदन की कार्यवाही में सभी दलों की सहभागिता सुनिश्चित होती है और जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा का मार्ग प्रशस्त होता है। श्री देवनानी ने कहा कि सर्वदलीय बैठक, विधानसभा सत्र शांतिपूर्ण चलने पर सभी दलों की सहमति का सार्थक एवं महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि सर्वदलीय बैठकों की परंपरा लोकतांत्रिक संवाद और संसदीय समन्वय को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम रही है। सर्वदलीय बैठक से सदन के प्रभावी संचालन, जनमहत्व के विषयों पर सार्थक चर्चा तथा संसदीय परंपराओं एवं सदन की गरिमा के अनुरूप कार्यवाही संचालित करने में सकारात्मक वातावरण बनता है। उन्होंने कहा कि सर्वदलीय बैठकों से आपसी संवाद, विश्वास और सहयोग की भावना को बल मिलता है, जिससे विधानसभा जनअपेक्षाओं के अनुरूप अधिक प्रभावी, उत्तरदायी और परिणामोन्मुख भूमिका निभाने में सक्षम होती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी सर्वदलीय बैठक भी षष्ठम सत्र को अधिक सुव्यवस्थित, गरिमापूर्ण और जनहित के प्रति समर्पित बनाने में महत्वपूर्ण सिद्ध होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित