जयपुर , अगस्त 10 -- राजस्थान में 20 अगस्त से शुरू होने वाले सोलहवीं विधानसभा का षष्ठम सत्र के सफल, सुचारु एवं व्यवस्थित संचालन के लिए विधानसभा सचिवालय द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

सत्र के दौरान विधानसभा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात, पार्किंग, प्रवेश-निकास, विद्युत, स्वच्छता, चिकित्सा, अग्निशमन तथा अन्य सामान्य व्यवस्थाओं को लेकर भी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के निर्देश पर सोमवार को विधानसभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा ने षष्ठम सत्र से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए संबंधित विभागों एवं अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में सत्र के दौरान किए जाने वाले सुरक्षा एवं सामान्य प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।

बैठक में विधानसभा परिसर में वाहनों के प्रवेश एवं निकास, निर्धारित पार्किंग स्थलों, सत्रकालीन वाहन प्रवेश-पत्र, पैदल प्रवेश-निकास, आगंतुकों एवं प्रतिनिधिमंडलों के प्रवेश, सुरक्षा जांच, अग्निशमन एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया गया। सत्र के दौरान मुख्यमंत्री एवं मंत्री से मिलने आने वाले प्रतिनिधिमंडलों के प्रवेश की व्यवस्था संबंधित मंत्री की सहमति के पश्चात निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किये जाने पर भी चर्चा हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित