चम्पावत , अक्टूबर 20 -- सोलर कार तैयार कर उत्तराखंड और चंपावत का नाम रोशन करने वाले नवाचारी युवा राहुल नरियाल का चंपावत जिला प्रशासन की ओर से मंगलवार को सम्मान किया गया।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने राहुल और उनके माता-पिता भैरव दत्त नरियाल और माता बसंती देवी का शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और बेटे की उपलब्धि पर बधाई दी। इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी राहुल को सम्मानित कर चुके हैं।

जिला प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार चम्पावत के मादली निवासी राहुल नरियाल इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के छात्र हैं। उन्होंने करीब एक माह के प्रयास और लगभग 40 हजार रुपये की लागत से एक व्यक्ति के बैठने की क्षमता वाली सोलर कार बनाई है। उनकी यह पहल वैकल्पिक ऊर्जा के उपयोग और तकनीकी नवाचार के प्रति उनकी रुचि और रचनात्मक सोच को दर्शाती है।

राहुल लोंगोवाल पॉलीटेक्निक कॉलेज, डेराबस्सी में अध्ययनरत हैं। पढ़ाई के दौरान उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी तकनीकी ज्ञान का व्यावहारिक उपयोग करने और नए प्रयोग करने के लिए प्रेरित करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित