नयी दिल्ली , जून 26 -- केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने आगरा में तैनात पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के एक प्रबंधक को लगभग 19 सोलर पैनल कर्ज की फाइलों को आगे बढ़ाने और मंजूर करने के एवज में कथित तौर पर रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

सीबीआई ने शुक्रवार को बताया कि एक निजी कंपनी के कर्मचारी की शिकायत के आधार पर 25 जून को आरोपी प्रबंधक प्रवीण यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

सीबीआई के अनुसार, यादव ने करीब 19 सोलर पैनल कर्ज की फाइलों को प्रोसेस और क्लियर करने के लिए कथित तौर पर प्रति फाइल 7,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी। बाद में बातचीत के दौरान, वह इन 19 कर्ज फाइलों को पास करने के लिए कुल 52,000 रुपये की रिश्वत लेने पर सहमत हो गया, जिन्हें बैंक पहले ही विधिवत रूप से स्वीकृत कर चुका था।

सीबीआई ने जाल बिछाकर आरोपी मैनेजर को शिकायतकर्ता से रिश्वत की एक किश्त के रूप में 30,000 रुपये मांगते और स्वीकार करते हुए रंगे हाथ दबोच लिया।

आरोपी को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया था और शुक्रवार को गाजियाबाद की सक्षम अदालत के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले की आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित