मोगादिशु , मार्च 05 -- सोमालिया की संसद ने लंबे समय से प्रतीक्षित नए संविधान को मंजूरी दे दी है, जिससे वर्षों से चल रही संवैधानिक समीक्षा और बहस का अंत हो गया।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, 222 सांसदों (पीपुल्स हाउस के 185 सदस्य और 37 सीनेटर) ने नए संविधान को अपनाने के पक्ष में मतदान किया।

नए संविधान के तहत, सोमालिया के राष्ट्रपति का चुनाव संसद द्वारा किया जाएगा, सांसदों को जनता द्वारा चुना जाएगा और प्रधानमंत्री की नियुक्ति राष्ट्रपति करेंगे, लेकिन उन्हें संसद द्वारा बर्खास्त किया जा सकता है।

कोई भी व्यक्ति अधिकतम दो कार्यकाल के लिए सोमालिया के राष्ट्रपति के रूप में सेवा दे सकता है। इसके लिए उन्हें जन्म से सोमाली नागरिक होना अनिवार्य है और यदि उनकी मां विदेशी नागरिक हैं, तो वे चुनाव नहीं लड़ सकते।

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, संसद अध्यक्ष और मुख्य न्यायाधीश को दोहरी नागरिकता रखने से प्रतिबंधित कर दिया गया है। निर्वाचित या नियुक्त होने पर उन्हें किसी भी विदेशी नागरिकता का त्याग करना होगा। साथ ही, उनका जीवनसाथी विदेशी नागरिक नहीं हो सकता।

नया संविधान विदेश संबंधों को केंद्रीकृत करता है, जिससे संघीय सरकार को द्विपक्षीय समझौते करने का विशेष अधिकार मिलता है और राज्यों को अपने स्तर पर अन्य देशों के साथ बातचीत करने से रोकता है।

इसमें सरकार के कार्यकाल को चार साल से बढ़ाकर पांच साल कर दिया गया है। साथ ही कानूनी आयु 18 वर्ष तय कर दी गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित