भरतपुर , अक्टूबर 10 -- उत्तर भारत के प्रमुख आस्था धामों में शुमार राजस्थान में करौली के विख्यात कैलादेवी मंदिर में शारदीय नवरात्र मेले की तैयारियां पूरी हो जाने के साथ ही यहां सोमवार से लक्खी मेला प्रारंभ होगा जो 20 अक्टूबर तक चलेगा।

मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति के मद्देनजर जिला प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट ने सुरक्षा एवं सुविधाओं की व्यवस्था की है।

प्रशासनिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि मेले में 250 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। मंदिर और आसपास 300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और नागरिक सुरक्षा दल मौजूद रहेंगी। कालीसिल नदी के घाटों पर सफाई और सुरक्षा रहेगी।

श्रद्धालुओं के लिए पीने का पानी, साफ-सफाई, विश्राम स्थल, पार्किंग और कतार की व्यवस्था की गई है। दिव्यांगों को ट्राईसाइकिल एवं चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी। नवरात्र में रोज पूजा-अनुष्ठान, दुर्गा सप्तशती पाठ, कन्या पूजन और भोजन होगा। मंदिर ट्रस्ट के 200 कर्मचारी व्यवस्थाएं संभालेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित