जगदलपुर , मार्च 29 -- त्तीसगढ़ के बस्तर में आयोजित होने वाली एथलेटिक्स स्पर्धाओं में कुल 17 विधाएं शामिल हैं, जिनमें 100 मीटर की दौड़ से लेकर 10,000 मीटर की लंबी दूरी की रेस, हर्डल्स, रिले रेस तथा ऊंची और लंबी कूद प्रमुख आकर्षण होंगी। सोमवार को पहले ही दिन डिस्कस थ्रो, लॉन्ग जंप और 110 मीटर हर्डल्स के फाइनल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
जिला पीआरओ ने रविवार को बताया कि सोमवार की शाम तक 400 मीटर दौड़ और रिले रेस के साथ प्रतिस्पर्धा चरम पर पहुंचेगी और विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान किए जाएंगे। एथलेटिक्स स्पर्धाओं में कुल 102 पदकों के लिए खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इनमें छत्तीसगढ़ के 33 खिलाड़ी भी शामिल हैं, जो घरेलू मैदान पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार हैं।
इस आयोजन के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। खिलाड़ियों के ठहरने हेतु शहर के 13 होटलों को चिन्हित किया गया है तथा उनके आवागमन के लिए एसी वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सुरक्षा, चिकित्सा और अग्निशमन सेवाओं को भी सुदृढ़ किया गया है। इसके साथ ही पर्यटन विभाग द्वारा खिलाड़ियों और अधिकारियों को बस्तर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराने की योजना बनाई गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित