धार , जून 15 -- मध्यप्रदेश में सोमवती अमावस्या के अवसर पर धार जिले की कुक्षी तहसील स्थित मेघनाथ घाट पर नर्मदा नदी में स्नान के दौरान एक 18 वर्षीय युवक डूब गया। घटना के बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम द्वारा नदी में तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन देर शाम तक युवक का पता नहीं चल सका।
पुलिस सूत्रों के अनुसार डूबने वाले युवक की पहचान रिंगनौद निवासी आदर्श उर्फ हरिओम पंवार (18) के रूप में हुई है। वह अपने परिजनों के साथ सोमवती अमावस्या के अवसर पर नर्मदा स्नान के लिए मेघनाथ घाट आया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 12 बजे स्नान के दौरान युवक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही निसरपुर पुलिस सक्रिय हुई और गोताखोरों के साथ बचाव एवं तलाश अभियान शुरू किया गया।
चौकी प्रभारी रवि वास्के के निर्देशन में पुलिस दल और गोताखोरों ने नाव की सहायता से दोपहर बाद नदी में सघन खोजबीन की। कई घंटे तक चले अभियान के बावजूद देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया। पुलिस के अनुसार तलाश अभियान जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मेघनाथ घाट पर नदी का जलस्तर काफी गहरा है। सोमवती अमावस्या के कारण घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और पक्के घाट के अभाव में दुर्घटना के समय तत्काल बचाव संभव नहीं हो सका।
सोमवती अमावस्या के अवसर पर कोटेश्वर तीर्थ और आसपास के घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। विभिन्न क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने नर्मदा स्नान कर पूजा-अर्चना की। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं तथा युवक की तलाश के लिए अभियान जारी रखा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित