पिथौरागढ़ , जुलाई 12 -- सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत उत्तराखंड के पिथौरागढ़ से 40 श्रद्धालुओं का दल रविवार को भगवान सोमनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। यह दल गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ के दर्शन करेगा।

नगर निगम की मेयर कल्पना देवलाल और अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह ने श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया तथा उनकी सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।

इस अवसर पर मेयर सुश्री देवलाल ने कहा कि यह यात्रा भगवान सोमनाथ के प्रति आस्था, श्रद्धा और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालु अपने साथ रामेश्वरम से लाया गया पवित्र जल कलश में लेकर जा रहे हैं, जिसे सोमनाथ ज्योतिर्लिंग पर अर्पित किया जाएगा। उन्होंने उत्तराखंड सरकार और गुजरात पर्यटन विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों सरकारों के सहयोग से श्रद्धालुओं को यह यात्रा पूर्णतः निशुल्क कराई जा रही है।

अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह ने बताया कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत उत्तराखंड पर्यटन एवं गुजरात पर्यटन विभाग की संयुक्त पहल पर यह यात्रा आयोजित की जा रही है। पर्यटन विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति के माध्यम से श्रद्धालुओं का चयन किया गया है। यात्रा के दौरान आवागमन, आवास, भोजन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने जिलाधिकारी एवं समस्त जनपदवासियों की ओर से श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए सफल यात्रा की कामना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित