अहमदाबाद , मई 11 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर के लोकार्पण की 75 वीं वर्षगांठ पर उन्हें सोमनाथ मंदिर में वैसी ही अनुभूति हुई जैसी देश के पहले राष्ट्रपति राजेन्द्र प्रसाद को पुनर्निर्मित मंदिर के लोकार्पण के अवसर पर हुई होगी।
श्री मोदी ने सोमवार को सोमनाथ अमृत महोत्सव में शामिल होने के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में यह बात कही। उन्होंने कहा ," पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर के लोकार्पण की 75वीं वर्षगांठ पर पावनधाम सोमनाथ आकर दिव्य अनुभूति हुई है। इस अवसर पर मंदिर मार्ग पर भगवान सोमनाथ के भक्तों के जोश और प्रचंड उत्साह को देखकर मन अभिभूत और भावविभोर है! मैं आज यहां उस क्षण को जी रहा हूं, जिसका अनुभव भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद जी ने पुनर्निर्मित मंदिर के लोकार्पण के अवसर पर किया होगा। सोमनाथ अमृत महोत्सव का भक्तिमय वातावरण हर तरफ अद्भुत ऊर्जा का संचार कर रहा है।"इससे पहले श्री मोदी की मौजूदगी में मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई। उन्होंने मंदिर में पूजा अर्चना की और वह मंदिर प्रांगण में कुंभाभिषेक और ध्वाजारोहण के साक्षी भी बने।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 11 तीर्थों के जल से शिखर जल चढाया गया । बाद में क्रेन की मदद से कलश को मंदिर के उपर रखा गया और हेलिकॉप्टर से पुष्प बरसाये गये।
वायु सेना की सूर्य किरण टीम ने इस अवसर पर मंदिर के उपर एयर शो में अपने करतब दिखाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित