बरेली , अप्रैल 14 -- केंद्र सरकार के संस्कृति मंत्रालय की पहल पर श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क सोमनाथ तीर्थ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत लखनऊ से 19 अप्रैल को वातानुकूलित (एसी थर्ड) ट्रेन रवाना होगी। उप निदेशक पर्यटन बरेली रविंद्र कुमार ने मंगलवार को बताया कि धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने यह विशेष पहल की है। संस्कृति मंत्रालय और भारतीय रेलवे के समन्वय से संचालित यह यात्रा पूरी तरह निःशुल्क होगी, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर श्रद्धालु भी इसका लाभ उठा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश से 750 श्रद्धालुओं को सोमनाथ तीर्थ यात्रा पर भेजा जाएगा। इसके लिए प्रदेश भर से चयनित श्रद्धालु 18 अप्रैल को लखनऊ पहुंचेंगे, जहां उनके ठहरने और भोजन की व्यवस्था संस्कृति विभाग द्वारा की जाएगी। उन्होंने कहा कि 19 अप्रैल को यह विशेष ट्रेन लखनऊ से गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर के लिए रवाना होगी। ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनुरोध किया गया है।
उप निदेशक ने बताया कि यात्रा विशेष रूप से चयनित श्रद्धालुओं के लिए आयोजित की गई है, जिन्हें संगठित रूप से तीर्थ दर्शन कराया जाएगा। प्रदेश के प्रत्येक जिले से 10-10 तीर्थ यात्रियों को भेजने का निर्णय लिया गया है। श्रद्धालुओं के चयन की जिम्मेदारी संबंधित जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति को सौंपी गई है। चयनित यात्रियों में दुकानदार, स्ट्रीट वेंडर, महिलाएं, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी, विद्यार्थी, वरिष्ठ नागरिक, तकनीकी सेवा कर्मी, आध्यात्मिक संस्थाओं से जुड़े लोग, कलाकार तथा सफाई कर्मचारी शामिल किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित