उमरिया , जून 05 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले के इंदवार थाना क्षेत्र में सोन नदी के भोलगढ़ घाट पर नहाने गए तीन युवक गहरे पानी में डूब गए, जिनमें से दो को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक किशोर लापता है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आज सोन नदी में नहाने के दौरान तीनों युवक अचानक गहरे पानी में चले गए। मौके पर मौजूद स्थानीय मल्हारों और ग्रामीणों की तत्परता से आनंद द्विवेदी और आकाश द्विवेदी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। लापता किशोर की पहचान आलोक द्विवेदी (14) निवासी ग्राम झाल के रूप में हुई है। तीनों युवक ग्राम झाल के निवासी बताए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। लापता किशोर की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों, मल्हारों और ग्रामीणों की सहायता से खोज अभियान चलाया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक आलोक द्विवेदी का पता नहीं चल सका था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित