सोनभद्र , जून 24 -- उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र में बुधवार को सोन नदी में स्नान के दौरान तीन किशोर गहरे पानी में डूब गए। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई तथा किशोरों की तलाश के लिए व्यापक बचाव अभियान शुरू किया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि चोपन थाना क्षेत्र के मीतापुर ग्राम सभा की कुछ महिलाएं सोन नदी में स्नान करने गई थीं। उनके साथ गांव के कुछ किशोर भी नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान तीन किशोर गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम नदी में लगातार खोजबीन कर रही है।

डूबने वाले किशोरों की पहचान मीतापुर निवासी संदीप (17), बोलबम (16) तथा दीपक (15) के रूप में हुई है। समाचार लिखे जाने तक तीनों किशोरों का पता नहीं चल सका था। एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम नदी में लगातार सर्च अभियान चला रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित