डेहरी आन सोन , अगस्त 31 -- राज्य सभा सांसद एवं राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने सोमवार को कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आज बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बीच सोन नदी के पानी बंटवारे का विवाद निपटने से 37 वर्षों से लंबित इंद्रपुरी जलाशय योजना अब मूर्तरूप ले लेगी।

रालोमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री कुशवाहा ने आज संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने सोन के पानी के बंटवारे के लिए केंद्रीय गृह मंत्री ,केंद्रीय जल शक्ति मंत्री व राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बधाई दी है ।

श्री कुशवाहा ने कहा कि काराकाट के सांसद चुने जाने के बाद 2014 से वह इसके लिए प्रयासरत थे। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष उन्होंने राज्य सभा में पानी बंटवारे का मुद्दा उठाया था, तब सरकार की ओर से पूर्वी क्षेत्रीय अंतरराज्यीय परिषद की बैठक में समाधान को लिखित जवाब दिया गया था। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष ही रांची में आयोजित बैठक में पानी के बंटवारे पर सहमति बन गई थी ।

सांसद ने कहा कि चिरलम्बित इस जलाशय के निर्माण से राज्य के आठ जिले रोहतास, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, औरंगाबाद, अरवल व पटना जिले के अलावा झारखंड के गढ़वा व पलामू की लाखों एकड़ भूमि सिंचित हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित