नयी दिल्ली , जुलाई 25 -- सोने की तस्करी में सक्रिय गिरोहों के खिलाफ अपना अभियान लगातार जारी रखते हुए राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने खुफिया जानकारी के आधार पर देश भर में कई जगह कार्रवाई कर 27 किलोग्राम से अधिक तस्करी सोना जब्त किया है तथा 12 लोगों को गिरफ्तार किया है।

वित्त मंत्रालय की शनिवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार इन कार्रवाइयों में तस्करों द्वारा सोना छुपाने के नये तरीकों का खुलासा हुआ। इनमें विमान के शौचालय की छत के अंदर सोना छिपाना, वाहनों और बर्तनों में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त खानों का उपयोग करना तथा शरीर के अंदर सोना छिपाना शामिल है। इससे यह स्पष्ट होता है कि संगठित तस्करी गिरोह लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं।

डीआरआई के इस अभियान के बारे में बताया गया है कि एजेंसी ने विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर 23-24 जुलाई को अदीस अबाबा से मुंबई पहुंचे तीन यात्रियों को स्टेशन पर रोका। विमान की गहन तलाशी के दौरान पीछे स्थित शौचालय की छत के पैनलों के अंदर छिपाई गई लगभग 12 किलोग्राम वजन की विदेशी मूल की 6 सोने की ईंटें बरामद की गईं। जांच में पता चला कि यात्रियों ने बाद में हवाई अड्डे के कर्मचारियों द्वारा निकालने के उद्देश्य से वहां सोना छिपाया था। सोना जब्त कर लिया गया और तीनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

इसी तरह 23 जुलाई को डीआरआई अधिकारियों ने विशेष सूचना के आधार पर ब्रह्मपुत्र मेल में यात्रा कर रही एक महिला यात्री को उत्तर प्रदेश में पकड़ा। उसके कमरबंद और हैंडबैग से लगभग 5 किलोग्राम विदेशी मूल की 42 सोने की बट्टियां बरामद हुईं। महिला ने स्वीकार किया कि यह सोना बांग्लादेश के रास्ते भारत में तस्करी कर लाया गया था। सोना जब्त कर महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।

मुंबई हवाई अड्डे पर ही 22-23 जुलाई एक अन्य खुफिया अभियान में डीआरआई ने एक ऐसे तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया, जो विमान के शौचालय में मोम के रूप में सोने की धूल छिपा कर उसे चोरी छुपे देश में लाता था। बाद में इसे विमान की सफाई करने वाले कर्मचारियों की मिलीभगत से बाहर निकाला जाता था। इस कार्रवाई में 3.7 किलोग्राम सोने की धूल (मोम के रूप में) जब्त की गई और 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें वाहक, सफाई कर्मचारी, हैंडलर और प्राप्तकर्ता शामिल हैं।

डीआरआई की एक टीम में 19-20 जुलाई कोलकाता रेलवे स्टेशन पर एक यात्री को पकड़ा और विशेष रूप से बनाए गए बर्तनों के अंदर छिपाया गया 4.6 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना बरामद किया। जांच में पता चला कि यह सोना म्यांमार के रास्ते भारत में तस्करी कर लाया गया था। सोना जब्त कर यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया।

इसी तरह कोच्चि और गुवाहाटी में इसी सप्ताह दो अलग-अलग अभियानों में डीआरआई अधिकारियों ने लगभग 2 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना जब्त किया। कोच्चि हवाई अड्डे पर दुबई से आए एक यात्री के शरीर के अंदर छिपाया गया सोना बरामद किया गया। गुवाहाटी में एक कार के विशेष रूप से बनाए गए गुप्त खांचे में छिपाए गए सोने के बिस्कुट बरामद किए गए।

इन दोनों अभियानों में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित