मुंबई , अगस्त 04 -- सोनी सब का शो 'हस्तिनापुर के वीर' जहां पांडवों और कौरवों के बचपन की अनकही कहानियों और रिश्तों को पर्दे पर पेश करता है, वहीं इसके युवा कलाकारों के बीच ऑफ-स्क्रीन दोस्ती भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रही है।फ्रेंडशिप डे के मौके पर शो की युवा कास्ट ने शूटिंग से समय निकालकर सेट पर दोस्ती का जश्न मनाया। कलाकारों ने एक-दूसरे को फ्रेंडशिप बैंड बांधे, चॉकलेट्स बांटीं और साथ में यादगार पल बिताए। लंबे समय तक एक साथ शूटिंग करने से कलाकारों के बीच मजबूत दोस्ती और बेहतर तालमेल बना है।
शो में अर्जुन का किरदार निभा रहीं उर्वा सावलिया ने कहा कि शूटिंग का सबसे खास हिस्सा अपने दोस्तों के साथ समय बिताना है। उन्होंने बताया कि कलाकार साथ में रिहर्सल करते हैं, शॉट्स के बीच खेलते हैं और एक-दूसरे की मदद करते हैं। फ्रेंडशिप डे पर उन्होंने सभी कलाकारों के साथ फ्रेंडशिप बैंड और चॉकलेट्स साझा कीं।
युधिष्ठिर की भूमिका निभा रहे अथर खान ने कहा कि सेट पर सभी कलाकार एक बड़े परिवार की तरह हैं। उन्होंने कहा कि कैमरा ऑन होने पर वे अपने-अपने किरदार निभाते हैं, लेकिन कैमरा बंद होते ही सभी साथ मिलकर हंसी-मजाक करते हैं और एक-दूसरे का उत्साह बढ़ाते हैं।
नकुल का किरदार निभा रहे हरित गबानी ने कहा कि सेट पर सभी के साथ समय बिताना बेहद खास अनुभव है। उन्होंने कहा कि चाहे खेल खेलना हो, बातचीत करना हो या शूटिंग के बीच साथ बैठना, हर पल यादगार बन जाता है।
दुशासन की भूमिका निभा रहे शौर्य उपाध्याय ने कहा कि शूटिंग का सबसे अच्छा हिस्सा अपने दोस्तों के साथ पूरा दिन बिताना है। उन्होंने कहा कि पर्दे पर भले ही कलाकार विरोधी किरदार निभाते हैं, लेकिन वास्तविक जीवन में उनके बीच गहरी दोस्ती है।
'हस्तिनापुर के वीर' में पांडवों और कौरवों के बचपन, उनके रिश्तों और जीवन के महत्वपूर्ण अनुभवों को दिखाया जा रहा है। यह शो हर सोमवार से शनिवार रात 09 बजे सिर्फ सोनी सब पर प्रसारित होता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित