मुंबई , अप्रैल 10 -- सोनी सब के शो पुष्पा इम्पॉसिबल की टीम ने 1200 एपिसोड पूरे होने का जश्न मनाया है।
शो पुष्पा इम्पॉसिबल ने एक शानदार उपलब्धि हासिल की है 1200 एपिसोड पूरे कर लिए हैं! शो में करुणा पांडे द्वारा निभाई गई पुष्पा की प्रेरणादायक जर्नी दिखाई जाती है, जो ज़िंदगी की तमाम चुनौतियों के बावजूद कभी हार नहीं मानती। खुद को पढ़ा-लिखा कर वकील बनने का सपना, परिवार का सहारा बनना और अपनी पहचान बनाना।इन सबने पुष्पा को हर उम्र के दर्शकों के लिए उम्मीद और मज़बूती का प्रतीक बना दिया है।
1200 एपिसोड्स के दौरान शो ने सशक्तिकरण, दूसरा मौका और शिक्षा के महत्व जैसे सामाजिक रूप से अहम मुद्दों को कहानी में बख़ूबी पिरोया है। साथ ही इमोशन, ड्रामा और हल्के-फुल्के पलों के मिश्रण से नैरेटिव को हमेशा एंगेजिंग बनाए रखा है। मौजूदा ट्रैक में 'घर जेल' की कहानी दिखाई जा रही है, जिसमें शनाया (मुस्कान बामने) को एक हादसे के बाद पुष्पा की निगरानी में रहने की सज़ा मिलती है। जैसे ही वह बापोदरा चाल में आती है, परिवार और पड़ोसियों के बीच तनाव बढ़ जाता है इमोशन्स, ग़म और विरोध साफ़ तौर पर सामने आते हैं। शनाया जहाँ एडजस्ट करने के लिए संघर्ष करती है, वहीं पुष्पा अपने विश्वास पर अडिग रहती है कि जवाबदेही के साथ आत्मचिंतन और बदलाव ज़रूरी है। यही आने वाले एपिसोड्स में गहन ड्रामा और भावनात्मक टकराव की ज़मीन तैयार करता है।
शो में पुष्पा का किरदार निभा रही करुणा पांडे ने कहा, "1200 एपिसोड्स तक पहुँचना मेरे लिए बेहद ख़ास और भावुक पल है। जब हमने यह सफ़र शुरू किया था, तब शायद किसी ने नहीं सोचा था कि पुष्पा की कहानी दर्शकों से इतनी गहराई से जुड़ जाएगी। समय के साथ पुष्पा मेरे लिए सिर्फ़ एक किरदार नहीं रही, बल्कि मेरी ज़िंदगी का हिस्सा बन गई है, जिससे मैं हर दिन सीखती और बढ़ती हूँ। यह उपलब्धि हमारी पूरी टीम और सबसे ज़्यादा हमारे दर्शकों की है, जिन्होंने हमें बेहिसाब प्यार दिया। मुझे बेहद गर्व है कि मैं ऐसे शो का हिस्सा हूँ जो सिर्फ़ मनोरंजन ही नहीं बल्कि प्रेरणा भी देता है। आगे भी कई और उपलब्धियों और पुष्पा की जर्नी को उसी प्यार और सच्चाई के साथ आगे बढ़ाने की उम्मीद है।"पुष्पा इम्पॉसिबल, हर सोमवार से शनिवार रात 9:30 बजे, सिर्फ़ सोनी सब पर प्रसारित होता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित