मुंबई , नवंबर 02 -- ोनी सब अपने आगामी धारावाहिक 'लो चुड़ैल चली ससुराल' के जरिए दर्शकों को पारिवारिक मनोरंजन, रोमांस और जादुई घटनाओं का अनूठा संगम दिखाने के लिए तैयार है। इस धारावाहिक में अभिनेता अधिक मेहता आरव पटेल की भूमिका में नजर आएंगे। उन्होंने अपने किरदार की खूबियों और उसकी कमजोरियों के बारे में दिलचस्प बातें साझा की हैं।
'लो चुड़ैल चली ससुराल' की कहानी उर्वशी नाम की एक दयालु चुड़ैल के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने जादुई संसार से ऊपर प्यार को चुनती है। आरव पटेल से शादी करने के बाद वह एक सामान्य इंसान की तरह जीवन बिताने का फैसला करती है, लेकिन उसकी कोशिशों के बीच कई अप्रत्याशित और हास्यपूर्ण परिस्थितियां पैदा होती हैं, जो पटेल परिवार की जिंदगी में उथल-पुथल मचा देती हैं।
धारावाहिक में आरव एक मेहनती, ईमानदार और जमीन से जुड़ा कारोबारी है, जिसने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से 'गुज्जू ग्रिल्स' का सफल कारोबार खड़ा किया है। वह परिवार, रिश्तों और जीवन की छोटी-छोटी खुशियों को महत्व देता है। उसका मानना है कि प्यार विश्वास, समझ और प्रतिबद्धता पर आधारित होना चाहिए। हालांकि, उसकी जिंदगी उस समय दिलचस्प मोड़ ले लेती है, जब उसे पता चलता है कि उसकी पत्नी उर्वशी एक चुड़ैल है।
अपने किरदार के बारे में अधिक मेहता ने कहा, "जब मैंने पहली बार आरव के बारे में पढ़ा, तो मैं तुरंत उसके जमीन से जुड़े और सच्चे स्वभाव से जुड़ गया। वह ऐसा इंसान है, जो परिवार, रिश्तों और जिंदगी की छोटी-छोटी खुशियों को महत्व देता है। मुझे उसके बारे में सबसे ज्यादा यह बात पसंद है कि वह दिल से फैसले लेता है और हमेशा सही काम करने की कोशिश करता है। हालांकि, उसके किरदार की सबसे बड़ी कमजोरी वे लोग हैं, जिनसे वह प्यार करता है। वह उन्हें कभी मना नहीं कर पाता।"अधिक ने कहा कि इस धारावाहिक में हास्य, रोमांस और कई प्यारे किरदारों का खूबसूरत मेल है। उन्हें उम्मीद है कि दर्शक आरव के साथ इस मनोरंजक यात्रा का भरपूर आनंद लेंगे।
'लो चुड़ैल चली ससुराल' का प्रसारण 18 नवंबर से रात आठ बजे सोनी सब पर शुरू होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित