गुरुग्राम , मई 10 -- भारतीय खेल जगत में एक नए अध्याय की शुरुआत करते हुए एशियाई कबड्डी लीग (एकेएल) के आधिकारिक लॉन्च और सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के साथ प्रसारण साझेदारी की घोषणा की गई। कबड्डी की भावना, संघर्ष और विरासत से प्रेरित एकेएल का उद्देश्य जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को वैश्विक मंच से जोड़ते हुए एक आधुनिक खेल मंच तैयार करना है।
कबड्डी को नई पहचान देने और सीमाओं से परे ले जाने के विज़न के साथ शुरू हुई एकेएल ने पिछले कई महीनों में देशभर में अभियान, खिलाड़ी खोज पहल, सामुदायिक कार्यक्रमों और ओपन ट्रायल्स के माध्यम से मजबूत आधार तैयार किया है। खिलाड़ियों, प्रशंसकों और स्थानीय समुदायों से मिले जबरदस्त समर्थन ने यह साबित किया है कि देश में कबड्डी के प्रति गहरा जुनून है और ऐसी लीग की आवश्यकता है जो वास्तव में भारतीय कबड्डी की आत्मा का प्रतिनिधित्व करे।
एकेएल की यात्रा केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं है। लीग खिलाड़ियों के लिए नए अवसर पैदा करने, खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने और भारत की सांस्कृतिक पहचान से जुड़े इस खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के आधिकारिक प्रसारण साझेदार बनने के साथ अब देशभर के दर्शकों तक उच्च गुणवत्ता वाली कबड्डी प्रतियोगिताएं और खिलाड़ियों की प्रेरणादायक कहानियां पहुंचेंगी।
एकेएल अपने इस पहले आधिकारिक कदम के साथ भविष्य के सितारों को पहचान देने और कबड्डी को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह समर्पित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित