सोनीपत , जुलाई 15 -- हरियाणा के सोनीपत जिले में बुधवार दोपहर एनएच-334बी पर गांव रोहणा के पास डस्ट से भरे हाईवा और रोडी से भरे ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गयी। हादसे के कुछ ही सेकेंड बाद हाईवा में आग लग गयी, जिसने देखते ही देखते पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। चालक बाहर निकलने का मौका भी नहीं पा सका और केबिन में ही जिंदा जल गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक चालक की मौत हो चुकी थी। हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने यातायात बहाल कराया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब एक बजे रोडी से भरे ट्रक को पीछे से डस्ट से भरे हाईवा ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाईवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गयी।

आसपास मौजूद लोगों ने चालक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तेज लपटों के कारण कोई भी केबिन तक नहीं पहुंच सका। आग बुझने के बाद केबिन से चालक मंगल सेन (37), निवासी गांव आसन, का शव बरामद किया गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सोनीपत सिविल अस्पताल भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित