सोनीपत , अप्रैल 08 -- हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग की पहल पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से जिले में सफाई कर्मचारियों के लिए तीन दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर शुरू किया गया है।
यह शिविर आठ से दस अप्रैल तक विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) में आयोजित किए जा रहे हैं।
शिविर के पहले दिन बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारियों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच करवाई। ये शिविर सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक जुआ, हलालपुर, बरह खालसा, फिरोजपुर बांगर, भैंसवाल कलां, एसडीसीएच गनौर और गोहाना सहित पीएचसी मुरथल में लगाए गए हैं।
शिविरों में कर्मचारियों की रक्तचाप, शुगर, पीलिया, हीमोग्लोबिन स्तर और आंखों की जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण किए जा रहे हैं।
हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष कृष्ण कुमार ने पीएचसी मुरथल में आयोजित शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में सफाई कर्मचारियों को समाज की रीढ़ बताते हुए स्वच्छता व्यवस्था में उनकी अहम भूमिका को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार और आयोग की प्राथमिकता है। साथ ही कर्मचारियों से नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने, सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करने और अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील की।
उन्होंने आश्वासन दिया कि आयोग सफाई कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित