सोनीपत , मार्च 12 -- सोनीपत जिले के खरखोदा उपमंडल के सिसाना-2 गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक महिला को घर से घसीटकर पीटने का मामला सामने आया है। पीड़िता ममता की शिकायत पर पुलिस ने चार महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शिकायत के अनुसार, ममता अपने घर के बाहर फोन पर बात कर रही थी। इसी दौरान निक्की नाम की महिला ने उसे गाली देना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद सोनिया, शकुंतला और रानी भी वहां पहुंच गईं। आरोप है कि चारों महिलाओं ने ममता को घर से बाहर घसीट लिया और लात-घूंसों से उसकी पिटाई की।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसके बाल भी खींचे और उसे जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर उसे आरोपियों से छुड़वाया।
बाद में घायल महिला को खरखोदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए ले जाया गया, जहां मेडिकल जांच में चोटों की पुष्टि हुई।
पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित