सोनीपत , सितंबर 14 -- हरियाणा के सोनीपत में गोहाना उपमंडल के गांव खानपुर कलां में पुरानी रंजिश के चलते बाइक सवार तीन लोगों पर लोहे की पाइप से हमला करने का मामला सामने आया है। वारदात रविवार रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। हमले में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें खानपुर कलां पीजीआई रेफर किया गया। पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खानपुर कलां निवासी राजेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात के समय उनका बेटा अमन और भतीजा आर्यन उन्हें लेने के लिए गामड़ी गए थे। रात करीब एक बजे जब तीनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस घर की गली में पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया।
शिकायत के अनुसार, जिले सिंह, राजकुमार, सोनू, मोनू और सन्नी ने मोटरसाइकिल रुकवाकर अचानक लोहे की पाइप से हमला कर दिया। राजेंद्र का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने उनके, अमन और आर्यन के साथ जमकर मारपीट की। विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
शोर सुनकर आसपास के लोग वहां एकत्रित हो गए और बीच-बचाव कर तीनों को हमलावरों से छुड़ाया। वारदात के बाद घायलों को गोहाना के नागरिक अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए उन्हें खानपुर कलां पीजीआई रेफर कर दिया।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना सदर गोहाना पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 190, 191(3), 115(2), 126(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जांच अधिकारी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित