चंडीगढ़ , अप्रैल 16 -- हरियाणा प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने सोनीपत स्थित पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और निकाय चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान श्री बड़ौली ने कार्यकर्ताओं से "कमल के फूल" को विजयी बनाने के लिए दिन-रात मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के समर्पण और मेहनत के दम पर ही भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा संगठन बनी है। उन्होंने आगामी नगर निकाय चुनावों में प्रचंड जीत का दावा करते हुए कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को पहुंचाने को कहा।
उन्होंने नायब सैनी सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में बिना भेदभाव के समान विकास हो रहा है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने हर बूथ को मजबूत बनाने और संगठनात्मक एकजुटता पर जोर दिया।
बैठक में मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने भी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए पारदर्शिता और सुशासन को सरकार की पहचान बताया। इस मौके पर जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित