सोनीपत , मई 24 -- हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव पिनाना में जमीन विवाद को लेकर भतीजे द्वारा अपने बुजुर्ग चाचा पर हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मोहाना थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर रविवार को आरोपी भतीजे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित कृष्ण चंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेती-बाड़ी का कार्य करते हैं। 20 मई को वह अपने खेत की ओर जा रहे थे। रास्ते में उनके भाई का लड़का मोहित मिला, जिसने उनका रास्ता रोक लिया और जमीन विवाद को लेकर कहासुनी शुरू कर दी। कृष्ण चंद के अनुसार, जब उन्होंने जमीन अपनी होने की बात कही तो आरोपी मोहित ने हाथ में लिए डंडे से उनकी टांग पर हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि जब उन्होंने डंडा पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने उन्हें लात मारकर नीचे गिरा दिया और लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की। शोर मचाने पर आरोपी मौके पर डंडा छोड़कर फरार हो गया। हमले में कृष्ण चंद की कमर और टांग में गंभीर चोटें आई हैं।
घायल कृष्ण चंद किसी तरह सड़क तक पहुंचे, जहां उनके भाई रमेश ने उन्हें संभाला। पीड़ित का आरोप है कि जाते समय आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। अस्वस्थ होने के कारण कृष्ण चंद ने 23 मई को अपने भतीजे अंकित से शिकायत लिखवाकर मोहाना थाना पुलिस को सौंपी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित