सोनीपत , जुलाई 19 -- हरियाणा के सोनीपत जिले के मलिकपुर गांव में खेत की रेतीली मिट्टी में दफन एक अज्ञात किशोरी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना का खुलासा तब हुआ जब आवारा कुत्तों ने उथली कब्र खोद दी और शव के कुछ हिस्से बाहर आ गए।

सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर करीब दो फुट गहरे गड्ढे से शव को बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में मृतका की उम्र 13 से 15 वर्ष के बीच बताई जा रही है। वह सलवार पहने हुई थी। कुत्तों द्वारा शव की गर्दन और एक हाथ को क्षति पहुंचाई गई थी। मौके से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला, जिससे मृतका की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस हत्या की आशंका के साथ मामले की जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्रों से लापता किशोरियों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि मृतका की पहचान और घटना में शामिल लोगों का पता लगाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित