सोनीपत , अप्रैल 22 -- हरियाणा में सोनीपत के राई औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार सुबह कूलर बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा परिसर इसकी चपेट में आ गया। फैक्ट्री से उठता घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई दिया।

आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास की फैक्ट्रियों में काम कर रहे मजदूर सुरक्षित स्थानों की ओर भाग गए। दमकल विभाग को सूचना मिली, जिसके बाद टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

दमकल विभाग के अनुसार, झुंडपुर गांव के पास स्थित शीतल एयर कूलर फैक्ट्री में आग लगी थी। कूलर निर्माण में इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक के पुर्जे, बिजली के तार और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुंडली, राय, गनौर, गोहाना और सोनीपत सहित आसपास के क्षेत्रों से 12 से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, हालांकि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित