सोनीपत , नवंबर 09 -- हरियाणा में सोनीपत जिले के खरखौदा में दीपावली की रात आपसी विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी है।

युवक का रोहतक रोड स्थित अंबेडकर पार्क में सोमवार को खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। परिजनों ने आरोप लगाया कि लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या की गई। इस घटना में दो अन्य युवक भी घायल हुए हैं।

मृतक की पहचान खरखौदा निवासी दीपक (37) के रूप में हुई है। पुलिस को आज सुबह पार्क में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। इसके बाद खरखौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया। परिजनों को घटना की जानकारी सुबह करीब छह बजे मिली।

दीपक के साथी हर्ष उर्फ अन्ना के अनुसार दीपावली की रात कुछ युवक पटाखे जला रहे थे और शराब पी रहे थे। इसी दौरान पानी भरने को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से इस बात को लेकर रंजिश चली आ रही थी। आरोप है कि तीन से चार युवकों ने विवाद के दौरान हमला कर दिया। दीपक बीच-बचाव के लिए आया था। इसके बाद वह आरओ का पानी लेने पार्क की तरफ चला गया, जहां उस पर हमला किया गया।

संघर्ष में खरखौदा निवासी धोलू और हर्ष उर्फ अन्ना भी घायल हुए हैं। बताया गया है कि धोलू का पैर टूट गया, जबकि हर्ष के हाथ में फ्रैक्चर आया है।

दीपक के भाई सौरव ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित