चंडीगढ़ , मार्च 12 -- हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनीपत में तैनात एक एएसआई को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान एएसआई पवन कुमार (45) के रूप में हुई है, जो थाना एचएसआईआईडीसी बडी, जिला सोनीपत में तैनात था।
एसीबी ने गुरुवार को कहा कि गन्नौर तहसील के गांव गढ़ी केसरी निवासी प्रमोद ने शिकायत दी थी कि उसके और उसके बेटे के खिलाफ थाना एचएसआईआईडीसी बडी में तीन जनवरी 2026 को लड़ाई-झगड़े के मामले में केस दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, पांच मार्च को वह और उसका बेटा थाने में पेश होकर कच्ची जमानत करवा चुके थे।
आरोप है कि 10 मार्च को मामले के जांच अधिकारी एएसआई पवन कुमार ने फोन कर केस में राहत देने और उसके बेटे का नाम निकालने के बदले 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायत मिलने पर एसीबी रोहतक ने प्रारंभिक जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर रेडिंग टीम गठित की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित