सोनीपत , जुलाई 17 -- हरियाणा के राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहन चालकों को निशाना बनाने वाले कुख्यात 'नॉक-नॉक गैंग' पर अंकुश लगाने के लिए सोनीपत पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस ने राजमार्गों पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ा दी है और गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी में मदद करने वाली विश्वसनीय सूचना देने वाले को 50 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) मेधा भूषण ने शुक्रवार को बताया कि इससे पहले भी सोनीपत पुलिस कई सक्रिय 'नॉक-नॉक गैंग' का पर्दाफाश कर चुकी है। हाल में सामने आई शिकायतों के बाद विशेष टीमें गठित कर निगरानी और गश्त बढ़ाई गई है। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य वाहन की खिड़की, बॉडी या टायर पर दस्तक देकर चालक का ध्यान भटकाते हैं और टायर पंचर, यांत्रिक खराबी या वाहन से तेल अथवा धुआं निकलने का झूठा दावा करते हैं। जैसे ही चालक वाहन से उतरता है, गिरोह के अन्य सदस्य नकदी, मोबाइल फोन, लैपटॉप, गहने और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते हैं।

पुलिस उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि गिरोह या उसकी गतिविधियों से संबंधित कोई भी विश्वसनीय जानकारी मिलने पर तुरंत डायल-112 या नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें। उन्होंने कहा कि राजमार्गों पर अनावश्यक रूप से वाहन न रोकें। यदि रुकना जरूरी हो तो केवल रोशनी वाले, सीसीटीवी निगरानी और सार्वजनिक आवाजाही वाले स्थानों पर ही वाहन खड़ा करें। अजनबियों के झांसे में आने से बचें वाहन लॉक रखें और कीमती सामान सुरक्षित रखें।

पुलिस ने कहा कि राजमार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। 'नॉक-नॉक गैंग' के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित