सोनीपत , मई 04 -- हरियाणा के सोनीपत नगर निगम चुनाव के बीच सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को सोनीपत दौरे पर पहुंचे, जहां उनके 22 वार्डों में 20 अलग-अलग कार्यक्रम निर्धारित किए गए। इस मेगा चुनावी अभियान की शुरुआत राई विधानसभा क्षेत्र से हुई, जहां "चाय पर चर्चा" कार्यक्रम के माध्यम से उन्होंने आमजन से सीधा संवाद स्थापित किया।

मुख्यमंत्री ने राई गांव में स्थानीय लोगों से बातचीत करते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। उन्होंने नगर निगम चुनाव को विकास से जोड़ते हुए कहा कि भाजपा को जीत दिलाने से क्षेत्र में विकास कार्यों में तेजी आएगी और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचेगा।

अपने संबोधन के दौरान सीएम सैनी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला अधिकारों के मुद्दे पर कांग्रेस नेताओं ने गंभीरता नहीं दिखाई और जानबूझकर सदन से दूरी बनाई। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस दिशा में हरियाणा से एक मजबूत प्रस्ताव भेजा जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित