सोनीपत , अगस्त 22 -- हरियाणा के सोनीपत जेल में हत्या के मामले में बंद एक विचाराधीन कैदी विनोद (28) ने कथित तौर पर बाथरूम की खिड़की से कपड़े के टुकड़े के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

मृतक के भाई प्रदीप के अनुसार खंडराई गांव निवासी विनोद जुलाई 2026 से हत्या के मामले में सोनीपत जेल में बंद था। शनिवार को उसने बाथरूम की खिड़की में कपड़े के टुकड़े से फांसी लगा ली। जेल प्रशासन ने गांव के सरपंच के माध्यम से परिवार को घटना की जानकारी दी।

परिजनों के मुताबिक, विनोद के खिलाफ दो आपराधिक मामले दर्ज थे। इनमें एक मामला वर्ष 2021 में हुई झड़प से संबंधित था, जबकि दूसरा 29 जून 2026 को दर्ज हत्या के मामले से जुड़ा था। हत्या के मामले में गिरफ्तारी के बाद उसे जुलाई में जेल भेजा गया था।

पुलिस शिकायत के अनुसार, 9 जून की सुबह पुरानी रंजिश को लेकर विनोद और अन्य आरोपियों का प्रवीण व उसके भाई सोमबीर से विवाद हुआ था। आरोप है कि दोनों भाइयों पर धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिसमें सोमबीर के सिर पर नुकीले औजार से वार किया गया।

विनोद अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। शव को मजिस्ट्रेट की निगरानी में सिविल अस्पताल भेजा जा रहा है। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस और जेल प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित