जयपुर , मार्च 29 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि उसकी नेता सोनिया गांधी और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने बेटों को आज भी लॉन्च करने में ही लगे हुए हैं और कांग्रेसी नेता आज भी आपस में लड़ रहे हैं तथा इनकी लूट और झूठ की कहानी हर कोई जानता है।

श्री शर्मा जमवारामगढ़ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम सुनने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट का नाम लिए बिना कहा कि सभी को याद है, कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता को अपनी ही सरकार के खिलाफ अजमेर से जयपुर पैदल मार्च निकालना पड़ा था। उनके पैरों में छाले पड़ गए थे, उनकी पार्टी के नेताओं ने तो उन्हें 'नकारा निकम्मा' कहकर अपमानित किया था लेकिन हमने उनके उन छालों की भी लाज रखी और माफियाओं को जेल भेजा और पेपरलीक पर लगाम लगा दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंतजार शास्त्र की बात करने वालों का प्रदेश की जनता ने झूठ का शास्त्र, भ्रष्टाचार का शास्त्र और जल जीवन मिशन (जेजेएम) घोटाला देखा है। उन्होंने कहा कि समय बड़ा बलवान है। कांग्रेस सरकार में जिनको नकारा निकम्मा कहा, आजकल उनकी दिल्ली में बहुत चल रही है। इस कारण इंतजार शास्त्र वाले तड़प रहे हैं। जैसा किया है, वैसा भरना ही पडे़गा।

श्री शर्मा ने कहा कि सरकार बनते ही हमने संकल्प लिया था कि मेहनत, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ राजस्थान की जनता की सेवा करेंगे और आज उसी रास्ते पर मजबूती से आगे बढ़ रहे हैं। कांग्रेस शासन में पेपर लीक ने युवाओं के सपनों को कुचल दिया था। हमने रोते हुए युवाओं के आंसू पोंछकर दोषियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है।

उन्होंने कहा कि जो काम कांग्रेस पांच साल में नहीं कर पाई, उससे ज्यादा काम हमने दो साल में करके दिखाए हैं। कांग्रेस के पांच साल बनाम हमारे दो साल पर विधानसभा में भी खुलकर चर्चा करने के लिए कहा तो बड़ी-बड़ी बातें करने वाले सदन में चर्चा का मैदान छोड़कर ही भाग गए।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने ट्विटर पर आज कल कोई इंतजार शास्त्र चला रखा है लेकिन निगाहें कहीं और निशाना कहीं चल रहा है। ये उनकी तड़प है कि दिल्ली का उनका आलाकमान बेरुखी दिखा रहा है और असल में तो उन्हें बुलावे का इंतजार है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित