रायपुर , अक्टूबर 02 -- छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) भर्ती परीक्षा-2021 घोटाले के आरोपी और आयोग के पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी को आंबेडकर अस्पताल में कथित वीआईपी सुविधा मिलने का वीडियो सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने बंदियों को जेल से बाहर ले जाने की व्यवस्था में सख्ती कर दी है। अब इलाज, न्यायालय में पेशी अथवा प्रशासनिक कार्य से बाहर ले जाए जाने वाले बंदियों की निगरानी बॉडी-वॉर्न कैमरे से भी की जाएगी।
जेल मुख्यालय एवं सुधारात्मक सेवाएं छत्तीसगढ़ के डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने 1 अक्टूबर को सभी जेल अधीक्षकों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं, जिसकी जानकारी आज दी गई । यह निर्देश सोनवानी की सुरक्षा में तैनात तीन जेल प्रहरियों को बर्खास्त किए जाने के बाद जारी हुआ है।
आदेश के अनुसार विचाराधीन, सजा काट रहे या अन्य बंदियों को जेल से बाहर ले जाते समय सुरक्षा कर्मियों के साथ उपलब्धता के आधार पर सहायक जेल अधीक्षक या उससे वरिष्ठ अधिकारी की मौजूदगी जरूरी होगी। इसके साथ ही सुरक्षा ड्यूटी में लगे जेल कर्मचारियों को बॉडी-वॉर्न कैमरा पहनना होगा।
बॉडी-वॉर्न कैमरे के माध्यम से बंदी को जेल से बाहर ले जाने से लेकर वापस जेल पहुंचाने तक की पूरी गतिविधि रिकॉर्ड की जाएगी। नई व्यवस्था का उद्देश्य जेल से बाहर रहने के दौरान बंदियों की गतिविधियों की निगरानी और एस्कॉर्ट ड्यूटी की जवाबदेही सुनिश्चित करना है।
निर्देश में पुलिस सुरक्षा में बंदियों को बाहर ले जाने की स्थिति के लिए भी व्यवस्था तय की गई है। ऐसे मामलों में संबंधित जेल अधीक्षक जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) से समन्वय करेंगे। बंदी की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम को लेकर जेल और पुलिस विभाग आपसी समन्वय से निर्णय लेंगे। जेल मुख्यालय के आदेश की एक प्रति छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को भी भेजी गई है।
गौरतलब है कि केंद्रीय जेल रायपुर में बंद सीजीपीएससी के पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी को आंबेडकर अस्पताल में कथित वीआईपी सुविधा दिए जाने का वीडियो सामने आया था। वीडियो वायरल होने के बाद जेल से बाहर बंदियों की निगरानी और उन्हें मिलने वाली सुविधाओं को लेकर सवाल उठे थे। इसके बाद सोनवानी की सुरक्षा में तैनात तीन जेल प्रहरियों को बर्खास्त कर दिया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित