नयी दिल्ली , जनवरी 12 -- च्च्तम न्यायालय ने सोमवार को लद्दाख के कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत हिरासत को चुनौती देने वाली बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर सुनवाई फिर से शुरू की।

न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति पी.बी. वराले की पीठ ने सिबल की विस्तृत दलीलें सुनीं, जिन्होंने तर्क दिया कि वांगचुक के संविधान के अनुच्छेद 22 के तहत प्रभावी प्रतिनिधित्व करने के मौलिक अधिकार का उल्लंघन हुआ है, क्योंकि उनकी हिरासत के लिए आवश्यक महत्वपूर्ण सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई।

वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने हिरासत आदेश को असंवैधानिक, प्रक्रियात्मक रूप से त्रुटिपूर्ण और विवेकहीन बताते हुए चुनौती दी । उन्होंने तर्क दिया कि हिरासत आदेश चार आधारों पर आधारित था, जिनमें 24 सितंबर के चार वीडियो भी शामिल थे, जिन्हें सबसे निकटतम सामग्री के रूप में उद्धृत किया गया था, लेकिन बंदी को कभी उपलब्ध नहीं कराया गया।

उन्होंने कहा , "सलाहकार बोर्ड और हिरासत प्राधिकारी के समक्ष मुझे प्रतिनिधित्व का अधिकार है। इन वीडियो की आपूर्ति न होने के कारण मेरा यह अधिकार बाधित हुआ है।"पीठ ने पूछा कि क्या सामग्री की कथित अनुपलब्धता ने प्रतिनिधित्व के संवैधानिक अधिकार को प्रभावित किया है।

जवाब में श्री सिब्बल ने संविधान के अनुच्छेद 22(1) और 22(5) का हवाला देते हुए तर्क दिया कि इन संवैधानिक सुरक्षा उपायों को कमजोर करने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम की धारा 5ए का सहारा नहीं लिया जा सकता। उन्होंने कहा ,"सामान्य परिस्थितियों में, मैं धारा 5ए को ही असंवैधानिक बताकर चुनौती देता। कोई कानून हिरासत में लेने वाले अधिकारी के दिमाग में कैसे घुस सकता है?" सिबल ने यह तर्क देते हुए कहा कि अनुच्छेद 22 को किसी काल्पनिक कानून के अधीन नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा कि धारा 5ए तभी लागू हो सकती है, जब सभी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई हो, जो कि इस मामले में नहीं था।

जब न्यायालय ने स्पष्टीकरण मांगा, तो श्री सिब्बल ने पुष्टि की कि उनका तर्क यह था कि धारा 5ए इस मामले के तथ्यों पर लागू नहीं होती और इस बात पर जोर दिया कि किसी संवैधानिक अधिकार को कानून की व्याख्या से छीना नहीं जा सकता।

श्री सिब्बल ने हिरासत में लेने वाले अधिकारी द्वारा विवेक का प्रयोग न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि हिरासत के आधार किसी अन्य अधिकारी द्वारा की गई सिफारिश की हूबहू नकल हैं, जो स्वयं बंदी को उपलब्ध नहीं कराई गई थी। उन्होंने कहा, "शब्द और वाक्य बिल्कुल एक जैसे हैं। यह उधार ली गई संतुष्टि है।"पीठ ने पाया कि चुनौती इस आरोप पर आधारित प्रतीत होती है कि हिरासत आदेश बिना स्वतंत्र रूप से विचार किए उधार ली गई सामग्री पर आधारित था।

श्री सिब्बल ने इस बात से सहमति जताते हुए कहा कि अप्रासंगिक और पुरानी सामग्री का सहारा लिया गया था। उन्होंने बताया कि कई दस्तावेज़ मार्च 2024 के बाद की घटनाओं का उल्लेख करते हैं, जबकि हिरासत आदेश सितंबर 2025 में पारित किया गया था। उनके अनुसार, यद्यपि हिरासत के आधार कथित तौर पर 10, 11 और 24 सितंबर, 2025 की घटनाओं से उत्पन्न हुए थे, लेकिन उन तिथियों से संबंधित सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई थी।

वांगचुक के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए वीडियो का हवाला देते हुए, सिबल ने तर्क दिया कि अधिकारियों ने या तो कथित घटनाओं के बाद की सामग्री पर या उन वीडियो पर भरोसा किया था जिनमें वांगचुक दिखाई भी नहीं देते थे।

उन्होंने तर्क दिया कि कानून के अनुसार, जिस सामग्री पर भरोसा किया गया है और हिरासत आदेश के बीच सीधा संबंध होना चाहिए, जो पूरी तरह से अनुपस्थित था।

श्री सिब्बल ने कहा, "यदि अप्रासंगिक सामग्री पर भरोसा किया जाता है, तो कानून की दृष्टि से हिरासत अवैध है " और यह भी जोड़ा कि अधिकारियों द्वारा उद्धृत एफआईआर में न तो वांगचुक का नाम है और न ही उनका उनके भाषण से कोई संबंध है।

उन्होंने यह भी बताया कि हालांकि कथित हिंसा के संबंध में 25 सितंबर को एफआईआर दर्ज की गई थी, लेकिन जनवरी 2026 तक भी जांच में कोई प्रगति नहीं हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित