भोपाल , मई 15 -- रेलवे की सोनम उत्तम मस्कर ने भोपाल स्थित मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी में आयोजित 24वीं कुमार सुरेंद्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैम्पियनशिप में 10 मीटर एयर राइफल महिला स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सोनम ने फाइनल में 252.1 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। गुजरात की इलावेनिल वलारिवन ने 251.7 अंक के साथ रजत पदक जीता, जबकि महाराष्ट्र की आर्या बोरसे ने 230.4 अंक के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। महाराष्ट्र की श्रद्धा दिवाटे 209.7 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहीं।
क्वालिफिकेशन राउंड में महाराष्ट्र की शाम्भवी श्रवण क्षीरसागर ने 633.9 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। इलावेनिल 632.8 अंक के साथ दूसरे और आर्या 631.4 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। केरल की विदार्सा के. विनोद ने भी 631.4 अंक हासिल करते हुए चौथे स्थान पर फाइनल के लिए क्वालिफाई किया।
10 मीटर एयर राइफल जूनियर महिलापश्चिम बंगाल की तिलोत्तमा सेन ने फाइनल में 253.4 अंक हासिल कर जूनियर महिला वर्ग का खिताब जीता। शाम्भवी 253.3 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि अन्वी विक्रम राठौड़ ने 230.1 अंक के साथ कांस्य पदक जीता। महाराष्ट्र की अरिक्ता सिंह 208.8 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहीं।
10 मीटर एयर राइफल यूथ महिलाकर्नाटक की सान्वी आर.पी. ने फाइनल में 251.2 अंक के साथ यूथ महिला वर्ग का स्वर्ण पदक जीता। पंजाब की ओजस्वी ठाकुर ने 251.1 अंक के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि महाराष्ट्र की सानिया शेख ने 229.2 अंक के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित