सोनभद्र , अप्रैल 4 -- उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 101.76 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शनिवार को बताया कि बभनौली चौराहे पर शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने लगा।
पुलिस टीम ने पीछा कर उसे हिन्दुआरी पुल के पास पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूर्य प्रताप सिंह उर्फ सूरज सिंह (28), निवासी रैपुरिया थाना चुनार, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह हेरोइन को खरीदकर बिक्री के लिए ले जा रहा था। पुलिस आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित