सोनभद्र , जुलाई 21 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के अनपरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने भोले भाले निवेशकों को भारी मुनाफा का प्रलोभन देकर करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी करने वाली सिटी म्युचुअल बैंक के मुख्य संचालनकर्ता भागीरथी मौर्या की 1.31 करोड़ रूपए मूल्य की संपत्ति न्यायालय के आदेश पर कुर्क कर ली है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी पीपरी हर्ष पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि अनपरा थाना पर सिटी म्युचुअल बैंक के संचालन कर्ता भागीरथी मौर्या पर भोले-भाले निवेशकों को अधिक लाभ एवं भारी मुनाफे का प्रलोभन देकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज है। विवेचना के दौरान अभियुक्त भागीरथी मौर्या पुत्र रमापति मौर्या निवासी मुँहकुचवां राजपुर थाना कोतवाली देहात जनपद मीरजापुर, हाल पता पद्ममिनि होटल के पास मुर्धवा रेनुकूट सोनभद्र द्वारा अपराध से अर्जित सम्पत्ति को चिन्हित कर नियमानुसार कुर्की की कार्रवाई हेतु न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

न्यायालय ने 15 जुलाई को कुर्क व जब्ती आदेश पारित किया था। इस आदेश के अनुपालन में उपजिलाधिकारी दुद्धी रवि पासवान व राजस्व और पुलिस टीम ने अभियुक्त भागीरथी मौर्या की अपराध से अर्जित लगभग रू 1,31,25,276 करोड़ मूल्य की अचल सम्पत्ति कुर्क किया गया। पुलिस व राजस्व टीम ने आराजी संख्या-557ग रकबा-0.0195 हे0, स्थित मुर्धवा, अनुमानित मूल्य Rs.17,55,000/-, उक्त आराजी पर स्थित मकान अनुमानित मूल्य Rs.1,09,60,276.71/- और आराजी संख्या-97क रकबा-0.273 हे0, स्थित मौजा कटौधी, परगना व तहसील दुद्धी अनुमानित मूल्य Rs.4,10,000/- कुल Rs.1,31,25,276/- की संपत्ति को कुर्क कर दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित