सोनभद्र , अप्रैल 13 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि डाला निवासी शिवकुमार यादव (27), उनकी पत्नी सुमन यादव (24) और पांच वर्षीय पुत्र इलाज के लिए सुबह रॉबर्ट्सगंज गए थे। शाम को तीनों बाइक से वापस डाला लौट रहे थे। सलखन मुख्य मार्ग स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास उनकी बाइक किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे में शिवकुमार यादव और उनके पुत्र डमडम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुमन यादव घायल हो गईं।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रॉबर्ट्सगंज भेज दिया। घायल महिला का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मृतक परिवार मूल रूप से बलिया जिले के बैरिया क्षेत्र का निवासी था और डाला में रहकर कार्य करता था। परिजनों को सूचना दे दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित