सोनभद्र , सितंबर 8 -- उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में 13 वर्ष से लापता युवक को परिवार से मिलाने और घर वापस लाने का झांसा देकर पांच लाख रुपये ठगने के प्रयास के आरोप में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी साधु के वेश में परिवार के पास पहुंचे और भावनात्मक रूप से झांसा देकर रुपये ऐंठने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मंगलवार को बताया कि चोपन क्षेत्र निवासी रामसूरत साहनी का पुत्र करीब 13 वर्षों से लापता था। इसी दौरान नाग पंचमी के अवसर पर उनके ननिहाल पीपरझगर, थाना गढ़वा, मध्यप्रदेश में दो व्यक्ति साधु के वेश में पहुंचे। उन्होंने परिवार से संपर्क कर स्वयं को 13 वर्षों से लापता युवक बताया और परिवार तथा रिश्तेदारों के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया।

उन्होंने बताया कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से परिवार की भावनाओं का फायदा उठाया। युवक ने परिवार के सदस्यों से मिलने पर रोने का नाटक किया और लंबे समय बाद परिवार से मिलन की भावनात्मक स्थिति पैदा की। बातचीत आगे बढ़ाने के लिए परिवार को एक मोबाइल नंबर भी दिया गया। इसके बाद उन्हें विंध्याचल बुलाया गया।

परिवार के लोग लापता बेटे के मिलने की उम्मीद में विंध्याचल पहुंचे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने युवक के शरीर पर मौजूद बताए जा रहे निशान दिखाकर उसकी पहचान को लेकर परिवार का विश्वास जीतने का प्रयास किया। इसके बाद युवक ने अपने गुरु की आज्ञा का हवाला देते हुए घर लौटने से इंकार कर दिया।

आरोपियों ने गुरु को दक्षिणा देने और भंडारे के नाम पर चार हजार लोगों को चार बार भोजन कराने की बात कही और इसके लिए परिवार से पांच लाख रुपये की मांग की। परिवार ने आर्थिक स्थिति खराब होने का हवाला देते हुए इतनी रकम देने में असमर्थता जताई। इसके बाद आरोपियों ने रुपये नहीं देने पर परिवार में गंभीर बीमारियां होने और परिवार के बर्बाद होने जैसी बातें कहकर भय और अंधविश्वास का माहौल बनाने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार, लापता बेटे को वापस पाने की उम्मीद में परिवार आरोपियों की बातों में आ गया और पांच लाख रुपये जुटाने का प्रयास करने लगा। परिवार ने पशु, मकान और जमीन तक गिरवी रखकर रुपये जुटाने की कोशिश की। इस दौरान आरोपियों के बताए बैंक खाते में एक लाख रुपये भेजे गए। इसके बावजूद आरोपी लगातार और रुपये की मांग करते रहे तथा परिवार के सदस्यों को अलग-अलग स्थानों पर बुलाते रहे।

लगातार बढ़ती मांग और संदिग्ध गतिविधियों से परेशान होकर परिवार ने चोपन पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और मंगलवार सुबह चोपन बैरियर के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित