सोनभद्र , जून 6 -- सोनभद्र जिले की दुद्धी तहसील में तैनात एक राजस्व निरीक्षक का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित राजस्व निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने शनिवार को बताया कि दुद्धी तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शाह ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि एक राजस्व निरीक्षक का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हो रहा है, लेकिन अब तक उसके खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए और प्रथम दृष्टया उपलब्ध तथ्यों के आधार पर समाधान दिवस के दौरान ही राजस्व निरीक्षक अखिलेश कुमार शुक्ला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराई जाएगी तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में भ्रष्टाचार, अनियमितता और सरकारी दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी प्रशासन स्थापित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध भ्रष्टाचार अथवा अनुचित आचरण की शिकायत जांच में सही पाई जाती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित