सोनभद्र , मई 13 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात बारातियों को लेकर जा रहा पिकअप वाहन पलट गया। इस हादसे में पिकअप सवार तीन बारातियों की मौत हो गई जबकि 13 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
अपर पुलिस अधीक्षक ऋषभ रुणवाल ने बुधवार को बताया कि मिर्जापुर के मड़िहान तहसील के चंदरी बांध निवासी शिव कुमार के पुत्र की बारात सोनभद्र के रामपुर चेनारी गांव जा रही थी। बारातियों से भरी पिकअप बीती रात दस बजे जैसे ही कठार गांव के पास पहुंची, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क किनारे पलट गई।
इस हादसे में वाहन में सवार 16 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना पर पहुंची रामपुर बरकोनिया पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तियरा पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया और प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित