सोनभद्र , अगस्त 18 -- उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट करने के बाद गला दबाकर और पानी में डुबोकर उसकी हत्या की थी। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि सोमवार को कसरहीया नदी के पुल के नीचे पानी में सिलथम निवासी भारतदीप दुलारे राम (22) का शव उतराता मिला था। भारतदीप रविवार को अचानक घर से लापता हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताई, जिसके बाद अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक का एक युवती से प्रेम प्रसंग था और इसी को लेकर पहले भी विवाद एवं रंजिश हुई थी। मृतक को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। पुलिस के अनुसार दो दिन पहले भारतदीप युवती से मिलने गया था। युवती ने इसकी सूचना अपने घर के शुभम को दी, जिसके बाद शुभम अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचा। आरोप है कि तीनों ने भारतदीप के साथ मारपीट की और गला दबाने के बाद उसे पानी में डुबोकर मार डाला।

पुलिस ने ग्राम करवनिया के पास से पटना गांव निवासी शुभम कुमार पासवान (19), संदीप कुमार उर्फ छोटू (26) और आत्मानंद उर्फ लप्पू (21) को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित