सोनभद्र , अप्रैल 1 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के घोरावल कोतवाली क्षेत्र में दस दिन पूर्व हुए प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के मामले में पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे अवैध संबंध और पैसों का लेन-देन मुख्य कारण रहा। अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बुधवार को बताया कि 22 मार्च को मिर्जापुर जिले के सिरसी डैम में एक शव बरामद हुआ था। मामले में मृतक के चालक घासी मौर्या निवासी चंदौली ने 27 मार्च को तहरीर देकर घटना की जानकारी दी थी। तहरीर के अनुसार वह मृतक कुंवर मौर्य को लेकर 22 मार्च को पेढ़ गांव स्थित साहबलाल मौर्य के घर गया था। रात में भोजन के बाद वह वाहन में सो गया। देर रात साहबलाल मौर्य, उसकी पत्नी लीलावती और चन्द्रशेखर मौर्य ने उसे जगाकर बताया कि उन्होंने कुंवर मौर्य की हत्या कर दी है और शव ठिकाने लगाने में सहयोग करने को कहा। दबाव में आकर उसने वाहन का पिछला गेट खोल दिया, जिसके बाद आरोपी शव को सिरसी डैम ले जाकर फेंक आए।
पुलिस ने जांच के बाद पेढ़ गांव निवासी साहबलाल मौर्य, उसकी पत्नी लीलावती तथा मिर्जापुर निवासी चन्द्रशेखर मौर्य को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी ने बताया कि मृतक के उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध थे। इसके अलावा पारिवारिक विवाद और जमीन के लेन-देन को लेकर भी तनाव था। इन परिस्थितियों से तंग आकर आरोपियों ने साजिश रचकर मृतक को घर बुलाया, शराब पिलाई और नशे की हालत में उसकी हत्या कर दी, जिसके बाद शव को डैम में फेंक दिया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित